कैंचीधाम बाईपास का मुख्यमंत्री ने किया स्थलीय निरीक्षण, जाम से मिलेगी राहत
ब्यूरो रिपोर्ट नैनीताल
नैनीताल— मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को नैनीताल भ्रमण के दौरान जिले की महत्वपूर्ण परियोजना कैंचीधाम बाईपास (सैनिटोरियम–रातीघाट) सड़क मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली और कार्यों को तेज गति से पूर्ण करने के निर्देश दिए।मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबा नीम करोरी महाराज के दर्शन हेतु देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु वर्षभर कैंचीधाम पहुंचते हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा और यातायात जाम से निजात दिलाने के उद्देश्य से इस बाईपास का निर्माण प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बाईपास के पूर्ण होने से कैंचीधाम में लगने वाले जाम से बड़ी राहत मिलेगी।लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता मनोहर सिंह धर्मशक्तू ने बताया कि भवाली सैनिटोरियम से रातीघाट तक प्रस्तावित 18.15 किमी बाईपास में से 8 किमी सड़क का निर्माण व हॉटमिक्स कार्य पूर्ण कर लिया गया है। शेष मार्ग पर पहाड़ कटिंग, सुरक्षा दीवारों, कलमठ निर्माण तथा पुल निर्माण का कार्य तेजी से जारी है।मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि आगामी यात्रा सीजन से पूर्व सभी कार्य पूर्ण कर बाईपास को यातायात के लिए खोल दिया जाए। उन्होंने कहा कि यह मार्ग कैंचीधाम के साथ-साथ अल्मोड़ा व अन्य पर्वतीय क्षेत्रों में जाने वाले वाहनों के लिए भी वैकल्पिक और लाभकारी साबित होगा।निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने नव निर्मित भवाली बाईपास, शिप्रा नदी पर बने 30 मीटर स्पान डबल लेन मोटर पुल का भी अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि इससे भवाली बाजार में लगने वाले जाम से निजात मिलेगी और पर्यटन सीजन में यात्रियों को आवागमन में सुविधा होगी।इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सड़क निर्माण में लगे श्रमिकों से बातचीत कर उनका हालचाल जाना। साथ ही बर्फबारी देखने पहुंचे पर्यटकों से भी संवाद किया। पर्यटकों ने क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता की सराहना करते हुए किसी प्रकार की असुविधा न होने की बात कही।निरीक्षण के दौरान राज्य मंत्री डॉ. अनिल कपूर डब्बू, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजूनाथ टीसी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।



