घौलादेवी विकासखंड की ग्राम पंचायत खौड़ी में ब्लॉक प्रमुख लीला बिष्ट का सम्मान समारोह
ब्यूरो अल्मोड़ा
अल्मोड़ा – अल्मोड़ा जिले के घौलादेवी विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत खौड़ी में नव निर्वाचित ब्लॉक प्रमुख लीला बिष्ट के सम्मान में भव्य स्वागत समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर स्थानीय ग्रामीणों एवं महिलाओं ने उन्हें फूल-मालाएं पहनाकर एवं गुलदस्ता भेंट कर गर्मजोशी से स्वागत किया। समारोह को संबोधित करते हुए ब्लॉक प्रमुख लीला बिष्ट ने कहा कि वे क्षेत्र की जनसमस्याओं के समाधान के लिए हर संभव प्रयास करेंगी। उन्होंने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि विकास कार्यों में पारदर्शिता और जनसहभागिता को प्राथमिकता दी जाएगी। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने अपनी प्रमुख समस्याएं रखते हुए बताया कि जंगली जानवरों से फसलों को भारी नुकसान हो रहा है। साथ ही राशन कार्ड में नए नाम दर्ज न होने के कारण कई पात्र लोग आयुष्मान भारत योजना से वंचित हैं, जिससे उन्हें स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। ग्रामीणों ने यह भी बताया कि 18 वर्ष से अधिक आयु के लोगों के आधार कार्ड नहीं बन पा रहे हैं। जिससे श्रम कार्ड बनवाने के लिए उन्हें अल्मोड़ा जाना पड़ता है। बहुउद्देशीय शिविरों में सीमित संख्या में ही आधार कार्ड बन पाने से लोगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने मांग की कि प्रत्येक न्याय पंचायत स्तर पर शिविर लगाकर श्रम कार्ड बनाए जाएं, जिससे दूर-दराज के लोगों को राहत मिल सके। ब्लॉक प्रमुख लीला बिष्ट ने महिलाओं से स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अपनाने का आह्वान किया और कहा कि इससे महिलाएं अपनी आजीविका मजबूत कर आत्मनिर्भर बन सकती हैं।कार्यक्रम का संचालन शंभू खौड़ीवाल ने किया।
इस अवसर पर अल्मोड़ा कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष पूरन सिंह बिष्ट, मीडिया प्रभारी सतीश पंत, न्याय पंचायत अध्यक्ष जगदीश प्रसाद, प्रकाश पांडे, ग्राम प्रधान दीवान सिंह, जीवन खौड़ीवाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।