घुमाकोट रेंज में वन पंचायत प्रबंधन, जल स्रोत संरक्षण व वनाग्नि सुरक्षा पर प्रशिक्षण आयोजित

घुमाकोट रेंज में वन पंचायत प्रबंधन, जल स्रोत संरक्षण व वनाग्नि सुरक्षा पर प्रशिक्षण आयोजित

ब्यूरो रिपोर्ट पौड़ी

घुमाकोट – पौड़ी जिले की घुमाकोट रेंज परिसर में मंगलवार को वन पंचायत प्रबंधन, जल स्रोतों के संरक्षण एवं वनों की अग्नि से सुरक्षा को लेकर प्रशिक्षण एवं क्षमता विकास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन अतिरिक्त भूमि संरक्षण वन प्रभाग रामनगर के तत्वावधान में किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रभागीय वनाधिकारी अतिरिक्त भूमि संरक्षण वन प्रभाग रामनगर मनीष जोशी ने स्थानीय ग्रामीणों, क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों, वन पंचायत सरपंचों एवं सदस्यों को वनाग्नि से बचाव, वन पंचायतों के प्रभावी प्रबंधन तथा जल स्रोतों के संरक्षण के विषय में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने कहा कि वनों की सुरक्षा एवं जल संरक्षण में जनभागीदारी अत्यंत आवश्यक है। जिससे पर्यावरण संतुलन बनाए रखा जा सके। वन क्षेत्राधिकारी घुमाकोट निर्मल कुमार पाण्डे ने कहा कि आगामी अग्निकाल को देखते हुए समय रहते जागरूकता और समन्वय आवश्यक है। जिससे वनाग्नि की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके। कार्यक्रम में ज्येष्ठ प्रमुख नैनीडांडा रेखा देवी ने वन पंचायत सरपंचों की ओर से आगामी अग्निकाल में वनों की सुरक्षा हेतु पूर्ण सहयोग देने की वचनबद्धता व्यक्त की। इस अवसर पर प्रभागीय वनाधिकारी मनीष जोशी, ज्येष्ठ प्रमुख रेखा देवी, विधायक प्रतिनिधि ललित पटवाल, जिला पंचायत सदस्य नीरज पंत, वन क्षेत्राधिकारी घुमाकोट निर्मल कुमार पाण्डे, वन क्षेत्राधिकारी नैनीडांडा तपन सरकार सहित स्थानीय ग्रामीण, जनप्रतिनिधि, वन पंचायत सरपंच, सदस्य एवं घुमाकोट व नैनीडांडा रेंज के वनकर्मी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में कुल 63 प्रतिभागियों ने सक्रिय रूप से सहभागिता की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *